विकास कार्यों का जिलाधिकारी ने किया ऑन-फील्ड निरीक्षण
गडचिरोली : जिले के वडसा (देसाईगंज) तालुका में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पानी आपूर्ति, कृषि, सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण, बुनियादी सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रकल्पों का स्थल पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान सबसे पहले जिलाधिकारी ने देसाईगंज नगर परिषद के अंतर्गत करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पानी आपूर्ति योजना का निरीक्षण किया। कार्य की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों पर नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए तथा नागरिकों को स्वच्छ और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके पश्चात उन्होंने तालुका में चल रहे शेडनेट और पॉलीहाउस परियोजनाओं का निरीक्षण किया। आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि संभव है। उन्होंने प्रगतिशील किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी ऐसी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
सावंगी क्षेत्र में स्थित दाल मिल का दौरा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग योजना की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विसोरा स्थित एसआरपीएफ कैंप में पहुंचकर जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। इसके अलावा उन्होंने भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पर्यटन पार्क, शासकीय विद्यालय, तलाठी कार्यालय तथा अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए गए। दौरे के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों को समय पर पूर्ण कर जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के भी निर्देश दिए। कुल मिलाकर,इस दौरे के माध्यम से प्रशासन ने विकास कार्यों की प्रगति को तेज करने और उन्हें अधिक जनहितकारी बनाने का स्पष्ट संदेश दिया है।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.