अहेरी में भाजपा का संगठनात्मक बिगुल; पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण समापन

 गडचिरोली : आगामी चुनावों की पृष्ठभूमि में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “महाअभियान 2026” के तहत आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का अहेरी में उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन अहेरी स्थित माता कन्यका माता मंदिर में किया गया था।

इस शिविर में संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि “संगठन मजबूत होगा तो जीत निश्चित होगी।” कार्यक्रम में पूर्व सांसद अशोक नेते, जिला अध्यक्ष रमेश बारसागडे, जिला महामंत्री प्रकाश गेडाम, सुरेश शाह, बाबुराव कोहळे, आशिष पिपरे, तालुका अध्यक्ष विकास तोडसाम, नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार, विकास उईके तथा नगरसेविका सौ. शालिनीताई पोहनेकर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व पालकमंत्री राजे अम्ब्रिशराव आत्राम उपस्थित थे। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा और आगामी चुनावों को लेकर जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और विचारों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही नए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
समापन समारोह में अपने संबोधन में राजे अम्ब्रिशराव आत्राम ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ संगठन को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने ‘अंत्योदय’ की विचारधारा पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के महत्व को भी रेखांकित किया।
इस शिविर में अहेरी तालुका के कई बूथ प्रमुख, पन्ना प्रमुख, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.