गढ़चिरौली पुलिस द्वारा पोमके बंगाडी में भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
गढ़चिरौली : जिले के अतिदुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से गढ़चिरौली पुलिस दल द्वारा पोमके बंगाडी (उपविभाग भामरागढ़) में एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन पुलिस अस्पताल गढ़चिरौली, जिला सामान्य अस्पताल गढ़चिरौली, जिला परिषद गढ़चिरौली तथा सीआरपीएफ के संयुक्त सहयोग से किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में बंगाडी एवं गुंडेनूर गांव के कुल 80 नागरिकों की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच की गई। नागरिकों को विभिन्न बीमारियों की जांच, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
यह शिविर गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक श्री नीलोत्पल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में जिला सामान्य अस्पताल के डॉ. धनंजय खंडागळे (फिजिशियन), महिला एवं बाल अस्पताल के डॉ. मुकेश अत्यालगड़े (बाल रोग विशेषज्ञ), ग्रामीण अस्पताल चामोर्शी के डॉ. प्रविण किलनाके (स्त्री रोग विशेषज्ञ), पुलिस अस्पताल की डॉ. रोशनी किरंगे तथा सीआरपीएफ के डॉ. डी. एस. मोहन ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर के दौरान 10 गंभीर मरीजों को आगे की जांच हेतु विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया गया। साथ ही, बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा स्कूली बच्चों की जांच तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी गई।
गढ़चिरौली पुलिस द्वारा वर्ष 2021 से अब तक 191 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लगभग 42,000 से अधिक नागरिकों की जांच की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 5 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 4,361 यूनिट रक्त संकलित किया गया है। “ऑपरेशन रोशनी” अभियान के अंतर्गत 9,971 से अधिक लोगों की नेत्र जांच कर 1,412 मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया है।
इस अवसर पर शहीद जवानों के बलिदान, सी-60 जवानों के शौर्य तथा पुलिस के जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को दी गई, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ी।
इस शिविर का सफल आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री नीलोत्पल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुहास गाडे, सीआरपीएफ कमांडेंट श्री शंभु कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री एम. रमेश, अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिक मधीरा, प्रशासन के अपर पुलिस अधीक्षक श्री गोकुल राज, पुलिस उपअधीक्षक श्री विशाल नागरगोजे एवं भामरागढ़ के उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री अमर मोहिते के मार्गदर्शन में किया गया।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं सीआरपीएफ के जवानों के सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार


No Previous Comments found.