गड़चिरोली के विकास कार्यों की फाइलें फास्टट्रैक पर लें – मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल
गड़चिरोली : जिले में विकास कार्यों से संबंधित मंत्रालय स्तर की सभी लंबित फाइलों को फास्टट्रैक पर लेकर कामों में तेजी लाई जाए, ऐसे स्पष्ट निर्देश राज्य के मुख्य सचिव एवं जिले के पालक सचिव राजेश अग्रवाल ने दिए। साथ ही वनाधिकारधारी किसानों को तुरंत ‘फार्मर आईडी’ उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
मुख्य सचिव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न विभागों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिला कलेक्ट्रेट से अपर मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर, जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्व, खनन, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण, खेल और स्वास्थ्य विभागों द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजे गए लंबित प्रस्तावों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को इन प्रस्तावों के फॉलोअप में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
रिक्त पदों के मुद्दे पर जिला परिषद, निर्माण, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों में खाली पदों को मई महीने के अंत तक अधिकतम भरने के निर्देश दिए गए। साथ ही वनभूमि के पट्टे प्राप्त किसानों को तत्काल ‘फार्मर आईडी’ देकर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
जिले की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे सड़क और पुल निर्माण कार्यों को समन्वय के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल संसाधन विभाग के लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से मंजूरी देकर कार्यों को गति देने पर भी बल दिया गया।
इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियों और ‘रेड फ्लैग’ मुद्दों की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में धीमी प्रगति तथा पीएम सूर्यघर योजना के कम क्रियान्वयन पर मुख्य सचिव ने गंभीर चिंता जताई। अधूरे मकानों को प्राथमिकता से पूरा करने और लंबित किस्तों के लिए केंद्र सरकार से समन्वय करने की बात भी उन्होंने कही।
जिले के समग्र विकास के लिए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर निधि का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों से समन्वय और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अपर मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर ने बताया कि वह गड़चिरोली जिले के विशेष दौरे पर हैं, जबकि जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले के विकास कार्यों की जानकारी दी।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.