दिना परियोजना की निविदा प्रक्रिया पर सवाल: ‘इनवैलिड BOQ’ से ठेकेदारों को बाहर करने का आरोप, टेंडर रद्द करने की मांग
गड़चिरोली : जिले के चामोर्शी तहसील अंतर्गत दिना परियोजना में विश्रामगृह मरम्मत कार्य के लिए जारी निविदा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। निविदा भरने के दौरान “इनवैलिड BOQ” का तकनीकी संदेश आने के कारण ठेकेदारों को आवेदन प्रक्रिया से बाहर कर दिए जाने का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर संबंधित निविदा तत्काल रद्द कर पुनः प्रकाशित करने की मांग तेज हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निविदा क्रमांक 26/2026-27 (टेंडर आईडी: 2026_CEWRN_1295957_1) के तहत दिना परियोजना के विश्रामगृह की मरम्मत के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। इस प्रक्रिया में ठेकेदार वी. बी. बोम्मवार तथा आर. वी. शेट्टे ने भाग लेने के लिए आवेदन किया था। दोनों ठेकेदारों के खातों से ईएमडी (EMD) राशि भी जमा कर ली गई थी।
आरोप है कि निविदा की अंतिम प्रक्रिया के दौरान बीओक्यू (BOQ) अपलोड करते समय लगातार “इनवैलिड BOQ” का संदेश दिखाई देता रहा, जिसके कारण आवेदन पूर्ण नहीं हो सका। ठेकेदारों का कहना है कि इस तकनीकी समस्या की जानकारी उन्होंने विभागीय कार्यालय को दूरभाष के माध्यम से दी थी, लेकिन इस संबंध में कोई समाधान नहीं किया गया।
इस घटनाक्रम के बाद निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। संबंधित ठेकेदारों का आरोप है कि तकनीकी त्रुटि के कारण उन्हें जानबूझकर निविदा प्रक्रिया से दूर रखा गया। इसी को लेकर उन्होंने कार्यकारी अभियंता, पाटबंधारे विभाग, गड़चिरोली को लिखित निवेदन देकर संबंधित निविदा रद्द कर नई निविदा जारी करने की मांग की है।
इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. प्रणय भाऊ खुणे ने कहा कि “इनवैलिड BOQ” जैसी तकनीकी खामियों के कारण ठेकेदारों को डावलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा निविदा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। अब इस मामले में पाटबंधारे विभाग क्या रुख अपनाता है, इस पर स्थानीय ठेकेदारों और नागरिकों की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.