डीजे पर गूंजा नक्सली कमांडर हिडमा का गीत, शादी समारोह में थिरके युवक-युवतियां
गडचिरोली - जिले के एटापल्ली तहसील अंतर्गत कृष्णार गांव में आयोजित एक शादी समारोह उस समय विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम में प्रतिबंधित नक्सली संगठन के कमांडर हिडमा माडवी का महिमामंडन करने वाला गीत तेज आवाज में बजाया गया। इस दौरान दर्जनों युवक-युवतियां गीत पर नृत्य करते दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एटापल्ली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,6 मई 2026 की रात करीब 10 बजे कृष्णार गांव में एक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में शंकर हिचामी के स्वामित्व वाला डीजे लगाया गया था, जहां पारंपरिक आदिवासी नृत्य कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी बाबुराव कांदो ने कथित रूप से पुलिस और नक्सलवाद को लेकर भड़काऊ टिप्पणी करते हुए “हमारा नेता हिडमा है, उसी का गाना चलाओ” कहा। इसके बाद चैतू रुशी तेलामी ने अपने पास मौजूद पीपल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) के कमांडर हिडमा माडवी के जीवन पर आधारित गीत डीजे संचालकों को उपलब्ध कराया। आरोपी आर्यन हिचामी और शरद कांदो ने उक्त गीत को तेज आवाज में बजाया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में मौजूद लगभग 40 से 50 युवक-युवतियां उस गीत पर नाचते दिखाई दिए। घटना का वीडियो 7 मई को सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस तक पहुंचा। वीडियो में नक्सलवाद का समर्थन और महिमामंडन करने वाले शब्द सुनाई देने के बाद पुलिस हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कांस्टेबल रोशन कान्हुजी पुराम की शिकायत पर एटापल्ली थाना में मामला दर्ज किया गया।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
शंकर हिचामी (40), निवासी कृष्णार
बाबुराव कांदो (35), निवासी कृष्णार
चैतू रुशी तेलामी (25), निवासी कृष्णार
आर्यन हिचामी (24), निवासी कृष्णार
शरद कांदो (23), निवासी कृष्णार
इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 197(1)(ड), 353(1)(ब), 223, 3(5) सहधारा 112, 117 तथा मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(3)/135 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस निरीक्षक मच्छिंद्र नागरगोजे के मार्गदर्शन में महिला पुलिस उपनिरीक्षक प्रतिक्षा वणवे मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.