प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी रफ्तार: गडचिरोली जिले के 7 तहसीलों का होगा विभाजन

गडचिरोली : जिले के दुर्गम और वन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों के लिए अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। राज्य मंत्रिमंडल ने गडचिरोली जिले के सात प्रमुख तहसीलों का विभाजन कर वहां अतिरिक्त तहसील कार्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अहेरी, सिरोंचा, एटापल्ली, धानोरा, आरमोरी, कुरखेड़ा और चामोर्शी तहसीलों के अंतर्गत नए अतिरिक्त तहसील कार्यालय शुरू किए जाएंगे। शासन के महसूल एवं वन विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
यहां खुलेंगे नए कार्यालय
शासन की मंजूरी के अनुसार अहेरी तहसील अंतर्गत जिमलगट्टा, सिरोंचा व एटापल्ली क्षेत्र में असरअल्ली और कसनसूर, धानोरा व आरमोरी क्षेत्र में पेंढरी और वैरागढ़, चामोर्शी तहसील अंतर्गत आष्टी तथा कुरखेड़ा तहसील अंतर्गत मालेवाड़ा में अतिरिक्त तहसील कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।
ग्रामीणों को मिलेगा बड़ा लाभ
इन कार्यालयों के शुरू होने से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को आय, जाति, निवासी प्रमाणपत्र, जमीन संबंधी दस्तावेज, नामांतरण, फेरफार तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए मुख्य तहसील कार्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। कई गांवों के नागरिकों को अब तक 40 से 50 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता था, लेकिन अब प्रशासनिक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध होंगी।
अतिरिक्त तहसीलदारों को मिलेंगे पूर्ण अधिकार
महाराष्ट्र जमीन महसूल संहिता 1966 के तहत इन नए कार्यालयों में नियुक्त अतिरिक्त तहसीलदारों को मूल तहसील कार्यालयों के समान अधिकार और जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इससे राजस्व विभाग के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
बढ़ते कामकाज का दबाव होगा कम
जिले में लगातार बढ़ती जनसंख्या और विस्तृत भौगोलिक क्षेत्र के कारण तहसील कार्यालयों पर कार्यभार बढ़ता जा रहा था। नए अतिरिक्त कार्यालय शुरू होने से प्रशासनिक दबाव कम होगा और नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना आसान हो जाएगा।
‘घोट’ तहसील निर्माण की मांग पर चर्चा
चामोर्शी तहसील से अलग स्वतंत्र ‘घोट’ तहसील निर्माण की मांग पिछले कई वर्षों से उठती रही है। हालांकि शासन द्वारा घोट के बजाय आष्टी में अतिरिक्त तहसील कार्यालय को मंजूरी देने के बाद अब स्वतंत्र घोट तहसील निर्माण की संभावना कमजोर पड़ने की चर्चा क्षेत्र में शुरू हो गई है।
15 अगस्त को हो सकती है घोषणा
सूत्रों के अनुसार आगामी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन अतिरिक्त तहसील कार्यालयों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। शासन के इस निर्णय से जिले के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.