स्थानीय अपराध शाखा व धानोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
खेत में गांजे की खेती कर बिक्री की तैयारी कर रहे आरोपी को गडचिरोली पुलिस ने दबोचा
आरोपी के खेत से 68 लाख 12 हजार 500 रुपये का मादक पदार्थ जब्त
गडचिरोली- जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाकर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर गडचिरोली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में धानोरा उपविभाग अंतर्गत पुलिस स्टेशन धानोरा क्षेत्र के मौजा मोहली में मादक पदार्थ विरोधी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 मई 2026 को स्थानीय अपराध शाखा गडचिरोली को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि मौजा मोहली निवासी ईश्वर सखाराम पुंघाटे (उम्र 50 वर्ष) ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा तथा पुलिस स्टेशन धानोरा की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने पंचों की उपस्थिति में आरोपी के खेत की तलाशी ली। जांच के दौरान खेत में गांजे के कुल 91 छोटे-बड़े हरे पौधे पाए गए, जिन पर फूल भी लगे हुए थे। पुलिस द्वारा मौके पर की गई जांच में कुल 136.25 किलोग्राम वजन का कैनबिस (गांजा) बरामद किया गया।
जब्त किए गए गांजे की कीमत प्रति किलो 50 हजार रुपये के हिसाब से कुल 68 लाख 12 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बिक्री के उद्देश्य से अपने खेत में गांजे की खेती की थी।
इस मामले में आरोपी ईश्वर सखाराम पुंघाटे निवासी मोहली, तहसील धानोरा, जिला गडचिरोली के खिलाफ पुलिस स्टेशन धानोरा में अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क), 20(ब)(ii)(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत श्रीकृष्ण जंगले कर रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा तथा अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगडे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक भगतसिंग दुलत, सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत जंगले तथा धानोरा पुलिस टीम के अन्य कर्मचारी शामिल थे।
रिपोर्टर...चंद्रशेखर पुलगम सी न्यूज भारत गडचिरोली


No Previous Comments found.