खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आने से गाभण भैंस की मौत

गडचिरोली : आसरेल्ली गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक गाभण भैंस की दर्दनाक मौत होने की घटना सामने आई है। खेतों में नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसरेल्ली निवासी किसान सल्ला बापू की गाभण भैंस 10 मई को गांव के पास स्थित मिर्ची के खेतों में चरने के लिए गई थी। देर शाम तक भैंस वापस घर नहीं लौटने पर किसान सल्ला बापू उसे खोजने खेत की ओर गए। इस दौरान खेत में जमीन पर गिरे और ढीले पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर भैंस मृत अवस्था में दिखाई दी। घटना देखकर किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि मिर्ची फसल समाप्त हुए लगभग एक महीना बीत चुका है, इसके बावजूद खेतों में बिजली आपूर्ति चालू थी। खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे थे और कुछ तार जमीन तक पहुंच चुके थे। चरते समय भैंस का संपर्क तार से होते ही उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसरेल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया। वहीं पशु वैद्यकीय अधिकारी डॉ. तायवाडे ने मृत भैंस का पोस्टमार्टम किया। बताया गया कि भैंस गाभण थी और दो-तीन दिनों में बच्चे को जन्म देने वाली थी। ऐसे में किसान को दोहरा नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान सल्ला बापू ने संबंधित बिजली विभाग तथा शासन से आर्थिक सहायता और उचित नुकसान भरपाई देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के ढीले तारों की मरम्मत की जाती, तो यह हादसा टल सकता था।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब खेतों में फसल ही नहीं थी, तो बिजली लाइन चालू रखने की क्या आवश्यकता थी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि भैंस की जगह कोई व्यक्ति तार की चपेट में आ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने बिजली विभाग से खेतों में लटक रहे तारों की तत्काल जांच और मरम्मत करने की मांग की है।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.