जनता का भरोसा बना भाजपा की ताकत, वांगेतुरी ग्राम पंचायत में ऐतिहासिक जीत

गडचिरोली : गडचिरोली जिले के एटापल्ली तहसील अंतर्गत वांगेतुरी ग्राम पंचायत में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार ग्राम पंचायत पर अपना कब्जा जमाया है। 9 सदस्यीय ग्राम पंचायत में भाजपा के 6 उम्मीदवारों की शानदार जीत के साथ गांव में भाजपा की एकहाती सत्ता स्थापित हो गई है। इस ऐतिहासिक विजय के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। क्षेत्र में इस जीत को माजी राज्यमंत्री राजे अम्ब्रीशराव आत्राम के नेतृत्व पर जनता की मुहर माना जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। वांगेतुरी गांव में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया और केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। साथ ही गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर भी सक्रिय भूमिका निभाई गई। इसी का परिणाम रहा कि ग्रामवासियों ने इस चुनाव में भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया।
ग्राम पंचायत चुनाव में वनिता गोमजी कोवशी को सरपंच तथा शैला रामसू कोवशी को उपसरपंच चुना गया। इसके अलावा गणेश सोमजी कोरसा, सुरेश रामा कोवशी, अनिता चंदू मटामी और अजय मंगू कोरसा सदस्य के रूप में विजयी हुए। सभी विजयी उम्मीदवारों ने गांव के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया है।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ विजयी उम्मीदवारों का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा कि यह जीत विकास और जनसेवा की राजनीति की जीत है तथा जनता ने भाजपा के कार्यों पर विश्वास व्यक्त किया है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, माजी राज्यमंत्री राजे अम्ब्रीशराव आत्राम के नेतृत्व में एटापल्ली तहसील में भाजपा की ताकत लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, आम नागरिकों से सतत संपर्क बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के कारण मतदाताओं ने भाजपा पर भरोसा जताया है।
नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत प्रशासन ने गांव में पेयजल, सड़क, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही है। साथ ही लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कर ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा भी दिलाया गया है।
वांगेतुरी ग्राम पंचायत में भाजपा की यह जीत एटापल्ली तहसील की राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस परिणाम के बाद आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा की पकड़ और अधिक मजबूत हो सकती है।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.