अट्टीवागू पुल के लिए टेकड़ा क्षेत्र में उबाल, 30 गांवों के नागरिकों का सिरोंचा तहसील कार्यालय के सामने बेमियादी सांकेतिक श्रृंखलाबद्ध अनशन;

गड़चिरोली : सिरोंचा तहसील के अतिदुर्गम टेकड़ा क्षेत्र के नागरिकों ने अट्टीवागू नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर आखिरकार आक्रामक रुख अपनाते हुए तहसील कार्यालय के सामने बेमियादी श्रृंखलाबद्ध अनशन शुरू कर दिया है। कई वर्षों से शासन और प्रशासन से मांग करने के बावजूद पुल निर्माण को मंजूरी नहीं मिलने से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। इस आंदोलन में करीब 30 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं और “पुल बनाओ, नहीं तो आंदोलन और तेज करेंगे” की चेतावनी दी है।

अट्टीवागू नदी पर पुल नहीं होने के कारण टेकड़ा क्षेत्र के लोगों को हर वर्ष बारिश के मौसम में जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। विद्यार्थियों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बाढ़ के कारण गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने की शिकायत ग्रामीणों ने की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि पुल निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही इस क्षेत्र की ओर पूरी तरह ध्यान देना बंद कर देते हैं। प्रशासन को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों ने आखिरकार अनशन का रास्ता अपनाया है।
अनशन स्थल पर विभिन्न गांवों की महिलाएं, युवक और बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों ने शासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुल निर्माण कार्य को तत्काल मंजूरी देने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि “अट्टीवागू पुल के बिना टेकड़ा क्षेत्र का विकास असंभव है।”
इधर आंदोलन तेज होने के कारण प्रशासन में भी हलचल मच गई है और तहसील प्रशासन ने आंदोलनकारियों से चर्चा करने का प्रयास किया। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पुल निर्माण की मंजूरी का लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.