अहेरी नगर पंचायत की पोटनिवडणूक में आचार संहिता उल्लंघन का आरोप,दो कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के अहेरी नगर पंचायत के प्रभाग क्रमांक 9 की पोटनिवडणूक को लेकर राजनीतिक वातावरण गर्माता जा रहा है। भाजपा की नगरसेविका सुनीता मंथनवार के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव घोषित किया गया है। इसी क्रम में सोमवार 25 मई को भाजपा प्रत्याशी मायाताई येल्लूरकर द्वारा नामांकन दाखिल किया गया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान दो सरकारी कर्मचारियों — संजय पोहणेकर और संतोष मद्दीवार — के सक्रिय रूप से उपस्थित रहने और सहभागिता करने का आरोप लगाते हुए रियाज शेख सहित अन्य चार लोगों ने संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों कर्मचारी शासन से वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी हैं और उन्होंने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी सरकारी कर्मचारी का राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भाग लेना गंभीर मामला है। इस संबंध में जिलाधिकारी गडचिरोली, अहेरी नगर पंचायत के निर्वाचन निर्णय अधिकारी, तहसीलदार तथा अहेरी पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत देकर दोनों कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने तथा उनके खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रभाग क्रमांक 9 के लिए मतदान 20 जून को प्रस्तावित है। एक ओर भीषण गर्मी के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर उपचुनाव को लेकर अहेरी का राजनीतिक पारा भी चढ़ता दिखाई दे रहा है।
यह शिकायत रियाज शेख, शैलेन्द्र पटवर्धन, विलास सिडाम, महेश बाकेवार और लक्ष्मण गलबले द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। अब प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.