अहेरी शहर में 10 दिनों बाद शुरू हुआ कचरा संकलन, लोगों को मिली बड़ी राहत

अहेरी : गडचिरोली जिले के अहेरी नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से बंद पड़ा कचरा संकलन कार्य आखिरकार फिर से शुरू हो गया है। पुराने ठेकेदार की अवधि 30 अप्रैल को समाप्त होने तथा नगर पंचायत प्रशासन द्वारा समय पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी।

कचरा संकलन बंद रहने से अहेरी शहर के विभिन्न वार्डों में कचरे के ढेर जमा हो गए थे। नालियां जाम होकर गंदगी से भर गई थीं, जिससे पूरे शहर में दुर्गंध फैल रही थी। बढ़ती गंदगी के कारण नागरिकों में बीमारी फैलने की भी आशंका बढ़ गई थी। वहीं सफाई कर्मचारी काम बंद होने से घर बैठने को मजबूर हो गए थे, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था।

इस गंभीर समस्या को लेकर शहर के नागरिकों तथा सफाई कर्मचारियों ने नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार से शिकायत की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अमोल गुडेल्लीवार ने हाल ही में अहेरी नगर पंचायत के मुख्याधिकारी अभिजित सोनावणे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन को चार दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो सफाई कर्मचारियों के साथ आंदोलन किया जाएगा।

नगरसेवक के इस कड़े रुख के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया। मुख्याधिकारी अभिजित सोनावणे ने इस मुद्दे पर बैठक आयोजित कर पदाधिकारियों, नगरसेवकों, ठेकेदार तथा सफाई कर्मचारियों के साथ चर्चा की। बैठक में सभी पक्षों द्वारा समाधान पर सहमति जताए जाने के बाद आखिरकार सफाई व्यवस्था बहाल करने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद आज से अहेरी शहर में नियमित रूप से कचरा संकलन तथा नालियों की सफाई का कार्य फिर से शुरू हो गया है। पावसाळे से पहले सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। नागरिकों ने इस मुद्दे पर सक्रिय पहल करने के लिए नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार का आभार व्यक्त किया है।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.