जंगली सूअर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल

गडचिरोली - चांदाळा मार्ग पर बुधवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। यह दुर्घटना अचानक सड़क पर आए जंगली सूअर के कारण हुई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,नागसेन सोनुजी साखरे (40) निवासी शिवणी खुर्द,तहसील आरमोरी तथा राजेश जगन्नाथ रोहनकर (40), निवासी फुले वार्ड, गडचिरोली, बुधवार शाम बाइक से गडचिरोली से चांदाळा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग पर अचानक एक जंगली सूअर सामने आ गया। सूअर को बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नागसेन साखरे को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं हादसे में घायल राजेश रोहनकर के सिर में हल्की चोट आई है और उनका उपचार जारी है।

मृतक नागसेन साखरे सामाजिक कार्यकर्ता सोनु साखरे के पुत्र थे। वे वन विभाग कार्यालय गडचिरोली में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में रोजंदारी पर कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां, माता-पिता सहित बड़ा परिवार है। गुरुवार को शिवणी खुर्द गांव में सुबह 11 से 12 बजे के बीच उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। नागसेन साखरे के निधन से शिवणी खुर्द सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि गडचिरोली-चांदाळा मार्ग घने जंगल क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां अक्सर जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से विशेष रूप से शाम और रात के समय सतर्कता बरतने की अपील की !

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.