जनगणना में नाम दर्ज कराने से इंकार, सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं लेंगे; एटापल्ली के परिवारों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गड़चिरौली : जिले के एटापल्ली तहसील क्षेत्र के कुछ परिवारों ने जनगणना प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपते हुए अपनी विभिन्न मांगों और आपत्तियों को प्रशासन के समक्ष रखा है। ज्ञापन में जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव, मानसिक तनाव अथवा जबरदस्तीपूर्ण कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की अपील की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया कानूनन, पारदर्शी और नागरिकों के सम्मान को ध्यान में रखकर संचालित की जा सके। ज्ञापन में कहा गया है कि जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज पूर्व में ही संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि नागरिकों को बार-बार संपर्क कर अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है अथवा उन पर दबाव बनाया जाता है, तो इससे जनगणना प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है।

परिवारों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में दबावपूर्ण रवैया अपनाना उचित नहीं है तथा जनगणना प्रक्रिया को स्वैच्छिक सहयोग और आपसी विश्वास के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यदि किसी घर के मालिक अथवा परिवार के मुखिया की अनुपस्थिति में कोई कार्रवाई की जाती है या किसी प्रकार की प्रक्रिया पूरी की जाती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की होगी। ऐसे मामलों में प्रशासन से विशेष सावधानी बरतने की मांग की गई है।

इस बीच ज्ञापन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि आंदोलन से जुड़े परिवारों ने जनगणना प्रक्रिया में अपने नाम दर्ज कराने से इंकार करने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं और लाभों को स्वीकार नहीं करने का भी निर्णय व्यक्त किया है। इस संबंध में उन्होंने अपनी भूमिका प्रशासन के समक्ष स्पष्ट रूप से रखी है।

ज्ञापन सौंपने वाले परिवारों ने मांग की है कि जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे किसी प्रकार का विवाद, भ्रम अथवा नागरिकों की शिकायत उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों और व्यक्तिगत सम्मान का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करे। अब इस ज्ञापन पर जिला प्रशासन क्या रुख अपनाता है तथा जनगणना प्रक्रिया को लेकर क्या निर्देश जारी किए जाते हैं, इस पर एटापल्ली क्षेत्र सहित पूरे गड़चिरौली जिले की नजर बनी हुई है।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.