गड़चिरोली पुलिस दल की पहल : प्राणहिता पुलिस उप मुख्यालय में 228 लोगों ने किया रक्तदान
गड़चिरोली : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर गड़चिरोली पुलिस दल द्वारा अहेरी स्थित प्राणहिता पुलिस उप मुख्यालय में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। "मानवता की एक पुकार – रक्तदान करें, जीवन बचाएं" इस संदेश को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस शिविर को पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों तथा आम नागरिकों का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला। पूरे दिन चले इस शिविर में कुल 228 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया। दत्ता मेघे मेडिकल कॉलेज, इन्स्टिट्यूट ऑफ हायर एज्युकेशन अँड रिसर्च, शालिनीताई मेघे हॉस्पिटल अँड रिसर्च सेंटर नागपूर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्त संकलन की जिम्मेदारी संभाली। शिविर में पुलिस विभाग के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, जवान तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
अहेरी उपविभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्राणहिता पुलिस उप मुख्यालय में प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी शिविर को अपेक्षा से अधिक प्रतिसाद मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विशेष रूप से पुलिस जवानों द्वारा किए गए रक्तदान की सर्वत्र सराहना हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी भागों तक विभिन्न वर्गों के लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का संकल्प लिया। इस आयोजन से समाज में सेवा, एकता और मानवता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन बी.जे., उपविभागीय पुलिस अधिकारी अजय कोकाटे, मुलचेरा के थाना प्रभारी महेश विधाते, अहेरी के थाना प्रभारी हर्षल एकरे तथा अन्य अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
गड़चिरोली पुलिस दल के इस सराहनीय उपक्रम ने न केवल 228 यूनिट रक्त संग्रहित किया, बल्कि समाज में मानव सेवा और जनकल्याण का मजबूत संदेश भी दिया। रक्तदान शिविर की सफलता से क्षेत्र में पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हुई।
कार्यक्रम के दौरान भोजन, फल एवंम रक्तदान प्रमाणपत्र और एक छाता देकर सभी रक्तदाताओंका हौसला बढाया गया।
संवाददाता : मारोती कोलावार
No Previous Comments found.