विकसित महाराष्ट्र के लिए जिला स्तर पर सटीक आंकड़े जुटाने की शुरुआत
गढ़चिरौली - राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी "विकसित महाराष्ट्र" संकल्पना को गति देने के उद्देश्य से पहली बार जिला स्तर पर श्रमशक्ति सर्वेक्षण तथा असंगठित क्षेत्र के उद्योगों का वार्षिक सर्वेक्षण शुरू किया गया है। गड़चिरोली जिले में इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिलाधिकारी अविश्यांत पांडा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस सर्वेक्षण के माध्यम से जिले की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सर्वेक्षण दलों को सही एवं सत्य जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि विकास योजनाओं का प्रभावी नियोजन किया जा सके। राज्य सरकार द्वारा जिले के विकास को समग्र राज्य प्रगति का आधार मानते हुए प्रत्येक जिले की वस्तुनिष्ठ जानकारी एकत्र करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत रोजगार, बेरोजगारी, श्रमशक्ति की भागीदारी, असंगठित क्षेत्र के उद्योगों की स्थिति, आय के स्रोत तथा विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े राज्य एवं जिला स्तर पर विकास योजनाओं के निर्माण, नीतियों के निर्धारण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उपयोगी साबित होंगे। इसके माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों, उद्यमिता की स्थिति, असंगठित उद्योगों की प्रगति तथा नागरिकों की आर्थिक स्थिति का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। राज्यव्यापी इस अभियान के अंतर्गत कुल 6,828 नमूना इकाइयों का चयन किया गया है। सर्वेक्षण कार्य के लिए 276 अन्वेषकों एवं निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है, जो क्षेत्रीय स्तर पर घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। संकलित आंकड़ों का उपयोग ग्राम पंचायत, तहसील, जिला तथा विभागीय स्तर की विकास योजनाओं के निर्माण में किया जाएगा। सर्वेक्षण का क्षेत्रीय कार्य आईपीएसओएस रिसर्च, मुंबई द्वारा अर्थ एवं सांख्यिकी आयुक्तालय, मुंबई के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस संबंध में जिला सांख्यिकी कार्यालय के उप आयुक्त ज्ञानेश्वर खडतकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की शंका या भ्रम के बिना सर्वेक्षण दलों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन का मानना है कि जिले के विकास की वास्तविक स्थिति को सामने लाने और भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनाने में यह सर्वेक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.