गड़चिरौली के 48 गांवों तक पहुंचेगा पानी, हजारों किसानों की बदलेगी तकदीर
गड़चिरौली : गड़चिरौली जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व सांसद डॉ. अशोक नेते ने पत्रकार परिषद में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में जिले की चार महत्वपूर्ण लिफ्ट सिंचाई योजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है। इस ऐतिहासिक निर्णय से जिले के 48 गांवों की लगभग 9,573 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचाई के दायरे में आएगी, जिससे हजारों किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
मंजूर योजनाओं में सिरोंचा तहसील की रंगायपल्ली और रमेशगुडम, मुलचेरा की शांतिग्राम तथा चामोर्शी की राजीव-चिंचोड लिफ्ट सिंचाई योजना शामिल हैं। करीब 722.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इन परियोजनाओं से खेती को वर्षभर पानी उपलब्ध होगा और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
डॉ. नेते ने बताया कि इन योजनाओं की मंजूरी के लिए उन्होंने राज्य सरकार और जलसंपदा विभाग के समक्ष लगातार प्रयास और पाठपुरावा किया था। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गड़चिरौली के किसानों और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.