प्रवेशोत्सव में बच्चों का भव्य स्वागत, पुस्तकें, गणवेश और जूते वितरित, शिक्षा के प्रति बढ़ाया उत्साह

गडचिरोली : नडिकुडा स्थित जिला परिषद उच्च प्राथमिक केंद्र शाला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोहर कावेरी (ग्राम पंचायत सदस्य) ने की, जबकि उद्घाटन IFS अधिकारी नवकिशोर रेड्डी (उपवन संरक्षण अधिकारी, सिरोंचा) के हाथों हुआ।

इस अवसर पर सागर माडेम (सरकारी सहायक वनरक्षक, वडदम), टी. बी. गीते (वनरक्षक, वडदम) तथा जयशिला दुर्गे (वनरक्षक, रंगधामपेठा) प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नवागत विद्यार्थियों के गर्मजोशी से स्वागत, 'माझे पहिले पाऊल शाळेत' अभियान, आनंददायी गीत, रंगोली प्रतियोगिता, पुस्तक वितरण, गणवेश तथा जूते-मोजों के वितरण जैसे विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी उपक्रमों से हुई।

कार्यक्रम की प्रस्तावना में एस. एल. सद्दी सर ने विद्यालय में संचालित नवाचारपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में IFS अधिकारी नवकिशोर रेड्डी ने कहा कि "मैं स्वयं जिला परिषद स्कूल में पढ़कर अधिकारी बना हूं। इसलिए मैं इस विद्यालय को गोद लेने का संकल्प लेता हूं। विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हरसंभव शैक्षणिक और विकासात्मक सहयोग किया जाएगा।" उनके इस ऐलान का उपस्थितों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष मनोहर कावेरी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के लिए आवश्यक भौतिक सुविधाएं एवं खेल मैदान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस. ए. झोडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिंदे सर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला प्रबंधन समिति, पालकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी उपस्थितों को मिठाई एवं अल्पाहार वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.