31 अक्टूबर तक सिरोंचा–आलापल्ली मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, प्रशासन का बड़ा फैसला

गड़चिरोली : लगातार बारिश और राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353-सी पर चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन ने सिरोंचा–आलापल्ली मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों के आवागमन पर 7 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रतिबंध लगा दिया है।

यह आदेश जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी अविश्यांत पंडा द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार, मानसून के दौरान सड़क की स्थिति और निर्माण कार्य के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, आपातकालीन सेवाएं, यात्री बसें, पेयजल आपूर्ति, पुलिस, खाद्य एवं औषधि आपूर्ति, महावितरण, दूरसंचार, स्वास्थ्य विभाग तथा सड़क मरम्मत कार्य से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए सिरोंचा–मंचेरियाल–राजुरा–बल्लारशाह–चंद्रपुर–गड़चिरोली तथा आलापल्ली–आष्टी–बल्लारपुर–मंचेरियाल मार्गों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.