वर्षों से अधूरे निर्माण पर जताया रोष, दोषियों पर कार्रवाई और तत्काल मरम्मत की मांग

गड़चिरोली - सिरोंचा–आलापल्ली राष्ट्रीय महामार्ग (NH-353C) की बदहाल स्थिति और वर्षों से अधूरे पड़े निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के सिरोंचा तालुका अध्यक्ष मुरलीधर रच्चावार ने जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी, गड़चिरोली को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय महामार्ग का निर्माण कार्य तत्काल पूर्ण कराने,जिम्मेदार ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले पांच से छह वर्षों से NH-353C का निर्माण कार्य जारी है,लेकिन आज तक यह मार्ग पूर्ण नहीं हो पाया है। करोड़ों रुपये की लागत खर्च होने के बावजूद सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे,अधूरे पुल,खतरनाक डायवर्जन और क्षतिग्रस्त सड़कें लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों नागरिक, व्यापारी,किसान,विद्यार्थी और मरीज आवागमन करते हैं,जिन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश शुरू होने के बाद हालात और भी गंभीर हो गए हैं। सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और घंटों तक यातायात बाधित रहता है। एंबुलेंस,एसटी बसें, स्कूल वाहन तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस रहे हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति और निम्न गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेत और प्रकाश व्यवस्था का अभाव है,जिससे आम नागरिकों का जीवन खतरे में पड़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय महामार्ग के संपूर्ण निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। निर्माण कार्य में देरी, निम्न गुणवत्ता और लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। अधूरे पुल,सड़क और डायवर्जन का कार्य युद्धस्तर पर शीघ्र पूरा किया जाए। बारिश समाप्त होने की प्रतीक्षा किए बिना गड्ढों में मुरुम, गिट्टी और डामर डालकर सड़क को तत्काल यातायात योग्य बनाया जाए। सभी संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग,रिफ्लेक्टर,चेतावनी बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की जाए।

एंबुलेंस,एसटी बस और स्कूल वाहनों के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात की विशेष व्यवस्था की जाए। सड़क निर्माण कार्य की निश्चित समय-सीमा घोषित कर उसे सार्वजनिक किया जाए। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासियों का जनआक्रोश और तेज हो सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए NH-353C के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.