अहेरी में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई नहीं; सामाजिक कार्यकर्ता ने दी अदालत जाने की चेतावनी

गड़चिरोली : गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत दामरंचा गांव में इंद्रावती नदी से कथित अवैध रेत उत्खनन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जन कल्याण समाजोन्नति अन्याय भ्रष्टाचार निवारण समिति के जिला अध्यक्ष संतोष ताटीकोंडावर ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

दिए गए ज्ञापन के अनुसार, दामरंचा में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय पुल के कार्य की आड़ में ठेकेदार द्वारा इंद्रावती नदी के पात्र से पोकलेन मशीनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। आरोप है कि इस उत्खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है और पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी की जा रही है।

संतोष ताटीकोंडावर ने कहा कि एक ओर स्थानीय ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास और अन्य निजी निर्माण कार्यों के लिए रेत उपलब्ध नहीं हो रही है तथा सामान्य रेत परिवहन पर प्रशासन कार्रवाई करता है, वहीं दूसरी ओर ठेकेदार को खुलेआम मशीनों से रेत निकालने की छूट मिलना कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार प्रशासन के समक्ष शिकायतें प्रस्तुत की गईं, लेकिन संबंधित ठेकेदार तथा कथित रूप से संरक्षण देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में मांग की गई है कि दामरंचा में चल रहे कथित अवैध रेत उत्खनन को तत्काल बंद कराया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

संतोष ताटीकोंडावर ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो वे मामले को न्यायालय में ले जाकर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार राजस्व अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

रिपोर्टर  : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.