गड़चिरोली के एटापल्ली में फिर दिखी नक्सलियों की मौजूदगी! कुंडम गांव के पास मिले बैनर-पर्चे, इलाके में दहशत
गड़चिरोली : महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के एटापल्ली तहसील अंतर्गत पिपली बुर्गी उप पुलिस थाना क्षेत्र के कुंडम गांव के समीप रविवार को नक्सलियों के बैनर और पर्चे मिलने से क्षेत्र में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
मौके पर मिले पर्चों में स्वयं को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का बताते हुए विभिन्न कंपनियों के खिलाफ लोगों से एकजुट होकर आंदोलन करने का आह्वान किया गया है। पर्चों में ओमसाई, नेचुरल कंपनी, सनफ्लॉवर तथा अन्य परियोजनाओं को बंद करने की बात कही गई है। साथ ही ग्रामीणों, सरपंचों और पटेलों से इन कंपनियों का विरोध करने की अपील की गई है।
पर्चों में यह भी लिखा गया है कि कंपनियों के कारण "जल, जंगल और जमीन" बिक रही है तथा भविष्य में स्थानीय लोगों के बच्चों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। इसके अलावा कंपनियों का समर्थन करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है।
नक्सलियों ने अपने संदेश में सनफ्लॉवर परियोजना, हेडकसा-कुदरी-मोहरली क्षेत्र की नेचुरल कंपनी, जेएसडब्ल्यू परियोजना तथा खेमरागड़ी–पिपली बुर्गी क्षेत्र में प्रस्तावित ड्रोन सर्वे का भी विरोध करते हुए इन्हें तत्काल बंद करने की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के बाद यह दावा किया जा रहा है कि जिले में नक्सल गतिविधियां काफी हद तक कमजोर पड़ चुकी हैं। लेकिन कुंडम गांव के पास मिले इन बैनरों और पर्चों ने एक बार फिर नक्सलियों की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने बैनर और पर्चे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के जंगलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.