11 खोए और चोरी हुए मोबाइल पुलिस ने खोज निकाले, खुशियों के साथ मालिकों को लौटाए

गड़चिरोली : गड़चिरोली पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए कुरखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र से खोए और चोरी हुए 11 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देशानुसार साइबर अपराध और मोबाइल चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के अभियान के तहत कुरखेड़ा पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीईआईआर (CEIR) प्रणाली तथा लगातार जांच के माध्यम से यह सफलता हासिल की। शिकायत दर्ज होने के बाद विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए और 10 जुलाई 2026 को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित मालिकों को सौंप दिए गए।

मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने गड़चिरोली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। पुलिस ने कहा कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर उसका दुरुपयोग कर साइबर अपराध किए जाने की आशंका रहती है, इसलिए ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराना और CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू करना बेहद जरूरी है।

गड़चिरोली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, उप-पुलिस थाना या साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क करें, ताकि समय रहते मोबाइल का पता लगाकर संभावित साइबर अपराधों को रोका जा सके।

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी., एसडीपीओ प्रमोद मडामे के मार्गदर्शन में कुरखेड़ा पुलिस निरीक्षक महेंद्र वाघ के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रियंका आघाव तथा पुलिस टीम के पंकज नवघरे सहित अन्य कर्मियों ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.