गड़चिरोली केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, जिलाधिकारी ने अभिभावकों से समय पर आवेदन करने की अपील

गड़चिरोली :  में नवस्थापित केंद्रीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 5 तक की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने पात्र अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित अवधि में आवेदन जमा कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रवेश आवेदन 17 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक केवल ऑफलाइन माध्यम से विद्यालय कार्यालय में स्वीकार किए जाएंगे। प्रवेश आवेदन पत्र विद्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। विद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह आवासीय विद्यालय नहीं है तथा यहां छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसलिए विद्यार्थियों को प्रतिदिन विद्यालय आना-जाना होगा। अभिभावकों से इस बात का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।

प्रवेश के लिए आयु सीमा 31 मार्च 2026 की आयु के आधार पर निर्धारित की गई है तथा पूरी प्रवेश प्रक्रिया केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के नियमों के अनुसार संचालित की जाएगी। शिक्षा का अधिकार (RTE), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC-NCL), दिव्यांग तथा एकल बालिका (Single Girl Child) के लिए निर्धारित आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा। प्रवेश से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, रिक्त सीटों का विवरण एवं अन्य दिशा-निर्देश विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक लिंक तथा विद्यालय के सूचना फलक पर देखे जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभिभावक केंद्रीय विद्यालय, सेमना बायपास, आनंदनगर, गड़चिरोली में संपर्क कर सकते हैं अथवा दूरभाष क्रमांक 07132-223020 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.