जल्द शुरू होगा सीवीएस (CVS) जांच केंद्र, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े की घोषणा

गडचिरोली :  महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस के अवसर पर गडचिरोली के महिला एवं बाल अस्पताल में सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं (ANC Mothers) तथा सिकल सेल (SS) रोगियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। यह शिविर जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला परिषद के माता एवं बाल संगोपन अधिकारी डॉ. माधव शिंदे, सामान्य अस्पताल की अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. छाया उईके, महिला एवं बाल अस्पताल की अधीक्षक डॉ. माधुरी किलनाके, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत आखाड़े, आरएमओ डॉ. अमरीश तिवारी तथा अधीपरिचारिका अधिकारी श्रीमती कविता पोतराजवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. माधव शिंदे ने कहा कि सिकल सेल रोगियों को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से गर्भावस्था के पहले 12 सप्ताह के भीतर सिकल सेल एवं थैलेसीमिया की जांच कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो समय रहते सीवीएस (Chorionic Villus Sampling) जांच कराकर आवश्यक चिकित्सकीय उपचार शुरू किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. छाया उईके ने सभी चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, स्टाफ नर्सों तथा आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे सिकल सेल, थैलेसीमिया रोगियों और गर्भवती महिलाओं को इन आनुवंशिक बीमारियों के प्रति जागरूक करें तथा नियमित रूप से समुपदेशन (काउंसलिंग) करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े ने महत्वपूर्ण घोषणा की कि गडचिरोली जिले में जल्द ही महिला एवं बाल अस्पताल में सीवीएस (Chorionic Villus Sampling) जांच केंद्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से गर्भ में पल रहे शिशु में सिकल सेल या थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होगी, जिससे इन बीमारियों से प्रभावित बच्चों के जन्म को रोकने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
शिविर के सफल आयोजन में सिकल सेल समुपदेशक श्रीमती रामटेके, नीता बालपांडे, प्रयोगशाला तकनीशियन स्वप्नील चापले, रचना फुलझेले तथा एचएलएल (HLL) टीम के सभी सदस्यों ने विशेष योगदान दिया। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं और मरीजों ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.