असरल्ली में पुलिस दादालोरा खिड़की के माध्यम से भव्य कृषि मेले का आयोजन

गडचिरोली : गडचिरोली जिला पुलिस की पुलिस दादालोरा खिड़की पहल के अंतर्गत शुक्रवार (24 जुलाई) को सिरोंचा तहसील के असरल्ली पुलिस स्टेशन परिसर में भव्य कृषि मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्राणहिता) हर्षवर्धन की संकल्पना तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. समाधान पाटील के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता असरल्ली पुलिस थाना प्रभारी निखिल मेश्राम ने की, जबकि उद्घाटन असरअल्ली के सरपंच रमेश तैनेनी के हाथों हुआ। इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक टिंगरे, डॉ. अशोक लाटकारी, डॉ. सुनील येरकलवार, उपसरपंच ललिता सल्ला, पूर्व जिला परिषद सदस्य नागारेडी गुडमेटला, कृषि सहायक भूषण गव्हाळे सहित अनेक मान्यवर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस पाटील, एसआरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के लगभग 250 से 300 किसान एवं नागरिक शामिल हुए।

कृषि मेले का शुभारंभ क्रांतिवीर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। कृषि सहायक भूषण गव्हाळे एवं अन्य विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, कृषि योजनाओं तथा उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। थाना प्रभारी निखिल मेश्राम ने पुलिस दादालोरा खिड़की के माध्यम से संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं उनका लाभ लेने की प्रक्रिया से किसानों को अवगत कराया।

इस अवसर पर किसानों को धान बीज, महालक्ष्मी सीड्स, एमटीयू-1010 धान, यूरिया, नैनो यूरिया, कृषि दवाइयां, फावड़े, घमेले, बाल्टियां तथा अन्य कृषि उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक प्रफुल भोयर ने किसानों से नक्सलियों के बहकावे में न आने, गांवों को नक्सलमुक्त बनाने, नशामुक्ति अपनाने तथा अंधविश्वास एवं जादूटोना जैसी कुप्रथाओं का विरोध करने का आह्वान किया।

मेले में उपस्थित सभी किसानों एवं नागरिकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन पुलिस कर्मचारी बिभीषण अनवणे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में असरल्ली पुलिस थाना, एसआरपीएफ के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा एसपीओ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह कृषि मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.