लगातार तीन दिनों की मूसलाधार बारिश से सिरोंचा तहसील बेहाल

गड़चिरौली : गड़चिरौली जिले की सिरोंचा तहसील पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंभीर संकट का सामना कर रही है। क्षेत्र से होकर बहने वाली गोदावरी, प्राणहिता और इंद्रावती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे बसे कई गांव प्रभावित हो गए हैं। कई निचले इलाकों में पानी भरने से ग्रामीणों के सामने आवागमन, बिजली, पेयजल और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं का संकट खड़ा हो गया है।

बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग NH-63 (निजामाबाद–जगदलपुर मार्ग) पर भी यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। आसरेली और सोमनपल्ली के बीच नाला कैंप के पास इंद्रावती नदी का बाढ़ का पानी सड़क पर आने से दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। पिछले दो दिनों से सड़क के दोनों तरफ ट्रकों, बसों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सैकड़ों यात्री और वाहन चालक मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण पूरे सिरोंचा तहसील में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे नागरिकों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके साथ ही मोबाइल टावर बंद होने से अधिकांश क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क भी गायब हो गया है। संचार व्यवस्था ठप होने से लोग अपने परिजनों और आवश्यक सेवाओं से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली बहाल करने, पेयजल की व्यवस्था करने तथा बंद पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराने की मांग की है।

प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर में कमी आने के बाद मार्ग बहाल करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के पास जाने से बचें, बाढ़ वाले मार्गों से यात्रा न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.