बारिश ने खोली सड़क निर्माण की पोल! कीचड़ में फंसी स्कूली बस, छात्र-छात्राओं और यात्रियों को भारी परेशानी

गड़चिरोली : गड़चिरोली जिले के मुलचेरा तहसील अंतर्गत लगाम–दामपुर–कोलपल्ली–कोठारी मार्ग होते हुए मलेरा, विश्वनाथ नगर, कोपरली से मुलचेरा आने वाली स्कूली बस सोमवार सुबह भारी कीचड़ में फंस गई। यह घटना कोपरली और विश्वनाथ नगर के बीच स्थित मच्छी मार्केट के पास हुई, जहां सड़क पर अत्यधिक कीचड़ जमा होने के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी।

बस में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक तथा अन्य यात्री सवार थे। बस के कीचड़ में फंसने से सभी यात्रियों को काफी देर तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस चालक और परिचालक ने बस को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उन्हें भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग की स्थिति हर वर्ष गंभीर हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित होती है तथा दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि कोपरली–विश्वनाथ नगर के बीच मच्छी मार्केट के पास क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कर यातायात सुचारू किया जाए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों और यात्रियों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.