मौत बनकर दौड़ी नई मार्कोपोलो बस! खेत से लौट रहे किसान को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
गढ़चिरौली : गड़चिरोली जिले के सिरोंचा तहसील अंतर्गत कारसपल्ली गांव में सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। खेत से घर लौट रहे 55 वर्षीय किसान शंकर लस्मैय्या हरी की नई टाटा कंपनी की मार्कोपोलो (Marcopolo) बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा कंपनी की नई मार्कोपोलो बस लखनऊ से चेन्नई ले जाई जा रही थी। बस पूरी तरह नई थी और इसे गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा था। उस समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, केवल चालक ही वाहन चला रहा था।
इसी दौरान कारसपल्ली निवासी किसान शंकर लस्मैय्या हरी (55) खेत का काम समाप्त कर सड़क पार कर अपने घर लौट रहे थे। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही मार्कोपोलो बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का अगला शीशा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को सिरोंचा ग्रामीण अस्पताल ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिरोंचा पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर मामला दर्ज किया। प्रभारी पुलिस अधिकारी मारुति नंदे के मार्गदर्शन में पुलिस दुर्घटना की विस्तृत जांच कर रही है। बस की रफ्तार, चालक की लापरवाही और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि शंकर लस्मैय्या हरी क्षेत्र के मेहनती और सरल स्वभाव के किसान थे। उनके निधन से परिवार ने अपना मुख्य सहारा खो दिया है। पूरे कारसपल्ली गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। स्थानीय नागरिकों ने शासन से मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.