9.72 लाख रुपये का प्रतिबंधित तंबाकू और बोलेरो पिकअप वाहन जब्त, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

गढ़चिरौली - पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू की अवैध खेप जब्त,दो आरोपी गिरफ्तार महाराष्ट्र शासन द्वारा प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू की बिक्री एवं परिवहन पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए गढ़चिरौली पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत चामोर्शी पुलिस ने प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू की बड़ी खेप जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 9 लाख 72 हजार 725 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित तंबाकू तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन जब्त किया है। वहीं, इस मामले के मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देशानुसार जिले में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू, अवैध शराब, जुआ तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 अगस्त 2026 को सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़चिरौली-चामोर्शी मार्ग से एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू की खेप बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-353सी स्थित पोहार नदी पुल,कुरुड गांव के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की प्रतीक्षा शुरू कर दी। कुछ समय बाद वाहन क्रमांक MH-33-T-5892 वहां पहुंचा,जिसे रोककर पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1,800 पैकेट (200 ग्राम) 'होला हुक्का टोबैको',400 डिब्बे (50 ग्राम) 'मजा' सुगंधित तंबाकू, 115 पैकेट 'ईगल' ब्रांड तंबाकू, 400 डिब्बे (40 ग्राम) 'ईगल हुक्का शीशा तंबाकू' तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन बरामद किया गया। जब्त तंबाकू और वाहन सहित कुल 9 लाख 72 हजार 725 रुपये का माल पुलिस ने कब्जे में लिया।

वाहन में सवार दोनों युवकों से पूछताछ में उनकी पहचान नंदकिशोर दिवरुजी शेट्टे (21 वर्ष), निवासी चामोर्शी तथा राजेंद्र ईश्वर नैताम (21 वर्ष), निवासी मार्कड मोहल्ला, चामोर्शी के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जब्त तंबाकू की खेप चंद्रकांत शत्रुघ्न पिपरे, निवासी चामोर्शी,की है तथा परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी उसी के स्वामित्व का है। इसके आधार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग,गढ़चिरौली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश पोसन्ना तोर्रेम की शिकायत पर चामोर्शी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 410/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम,2006 के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों नंदकिशोर दिवरुजी शेट्टे और राजेंद्र ईश्वर नैताम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले का मुख्य आरोपी चंद्रकांत शत्रुघ्न पिपरे अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक मानकर,थाना चामोर्शी,द्वारा की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम.रमेश के निर्देश,अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा तथा अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी। गढ़चिरौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्रतिबंधित तंबाकू, अवैध शराब,जुआ तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी!

रिपोर्टर - संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.