गोमणी नाले में अवैध रेत उत्खनन का खेल,वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

मुलचेरा/गोमणी : अल्लापल्ली वन विभाग के अंतर्गत आने वाले वनपरिक्षेत्र पेडीगुडम तथा सहायक वनपरिक्षेत्र गोमणी के गोमणी बीट क्षेत्र में इन दिनों नाले से बड़े पैमाने पर कथित अवैध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। मौके पर लिए गए तस्वीरों में नाले के पात्र से भारी मात्रा में रेत निकाले जाने के निशान और वाहनों की आवाजाही के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि 09 अगस्त कि रात को बढे पैमाने पर नाले से रेत उत्खनन किया गया है। 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:29 से 7:30 बजे गोमणी नाले के परिसर में तस्वीरें ली गईं। तस्वीरों में GPS लोकेशन भी दर्ज है। इससे संबंधित विभाग के अधिकारियों के लिए घटनास्थल की जांच करना आसान हो सकता है। रेत उत्खनन का खेल हर रात हो रही है । 

स्थानीय स्तर पर आरोप है कि गोमणी नाले से अवैध रूप से रेत निकालकर उसकी खुलेआम बिक्री की जा रही है। इस संबंध में संबंधित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों को जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आखिर वन विभाग की सीमा में अवैध रेत उत्खनन की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? क्या संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर किसी दबाव अथवा मिलीभगत के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है? यह जांच का विषय है।

हालांकि, किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। इसलिए पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच, घटनास्थल का पंचनामा तथा अवैध उत्खनन की मात्रा और रेत परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहनों की जांच किए जाने की मांग उठ रही है।

गोमणी नाले जैसे प्राकृतिक जलस्रोत से अवैध रेत उत्खनन जारी रहने से पर्यावरणीय नुकसान होने की भी आशंका है। ऐसे में वन विभाग और संबंधित प्रशासन को तत्काल कार्रवाई कर अवैध उत्खनन पर रोक लगाने की आवश्यकता है।

  C NEWS BHARAT की पड़ताल में अब सवाल यही है—
गोमणी नाले में आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है अवैध रेत उत्खनन?

शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?

अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.