अहेरी में सामाजिक कार्यकर्ताओं का शिंदे सेना में प्रवेश
गडचिरोली - जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत अहेरी नगर में शिवसेना (शिंदे गुट) को उस समय मजबूती मिली, जब नगर के सामाजिक कार्यकर्ता सचिन येरोजवार के साथ आयुष मामीडवार, विनेश तोटावार, साईनाथ औतकर, ओम मुरमुरवार, राजू किसरवार समेत कई कार्यकर्ताओं ने शिवसेना में औपचारिक रूप से प्रवेश किया।
गडचिरोली में आयोजित शिवसेना के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उद्योग एवं कामगार मंत्री उदय सामंत, जिले के सहपालकमंत्री आशीष जयसवाल, पूर्व विदर्भ संगठक किरण पांडवा तथा विधान परिषद सदस्य मनीषा ताई कायंदे की प्रमुख उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया गया।
यह प्रवेश जिलाप्रमुख राकेश बेलसरे के मार्गदर्शन तथा विधानसभा प्रमुख संदीप भाऊ कोरेत के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान नवप्रवेशित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं सचिन येरोजवार
सचिन येरोजवार अहेरी शहर में विभिन्न सामाजिक मुद्दों और नागरिकों की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाने तथा सामाजिक विषयों पर आवाज बुलंद करने के उनके प्रयासों के कारण उनके शिवसेना में प्रवेश को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उनके साथ अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने से अहेरी शहर में शिवसेना (शिंदे गुट) की संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी इस प्रवेश को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
आने वाले दिनों में और प्रवेश की संभावना
इस बीच, विधानसभा प्रमुख संदीप भाऊ कोरेत ने जानकारी दी कि आने वाले कुछ दिनों में अहेरी नगर के अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक भी चरणबद्ध तरीके से शिवसेना में प्रवेश करेंगे। इससे अहेरी शहर में संगठन के विस्तार को और गति मिलने की संभावना है।
नए कार्यकर्ताओं के प्रवेश के बाद अब शिवसेना नेतृत्व की नजर अहेरी नगर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक नागरिकों को पार्टी से जोड़ने पर रहने की उम्मीद है।
रिपोर्टर - संजय यमसलवार
No Previous Comments found.