अवैध जुआ खेलने वाले 36 आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई

गडचिरोली : जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने सभी पुलिस थानों, उप-पुलिस थानों और पुलिस चौकियों को प्रभावी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में स्थानीय अपराध शाखा एवं पुलिस थाना कोटगुल की टीम ने नांगपुर के जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि परमेश्वर लोहंबरे, निवासी नांगपुर और मिथुन तांबेकर, निवासी कोटगुल के कहने पर कुछ लोग नांगपुर के जंगल क्षेत्र में ताश के पत्तों पर पैसे की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने सहायक पुलिस निरीक्षक भगतसिंग दुल्हत के नेतृत्व में घटनास्थल पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान जुआ खेल रहे लोगों में पुलिस की भनक लगते ही कुछ आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 34 आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया। इनमें बिरेंद्र कुमार एवनलाल सिन्हा (26), निवासी कोटरासरार, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) तथा प्रकाश कुमार शामलाल मेश्राम (50), निवासी बजरंग मार्ग, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से 4 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद, 23 चारपहिया वाहन, 5 दोपहिया वाहन, ताश के पत्ते, स्टील की पेटी, लाल रंग की बैटरी और तिरपाल सहित कुल 1,50,97,100 रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।

पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे परमेश्वर लोहंबरे और मिथुन तांबेकर के कहने पर जुआ खेलने के लिए पहुंचे थे। दोनों फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा जारी है।

इस मामले में कोटगुल पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 008/2026, महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(अ) के तहत कुल 36 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विवेक वायकर कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी, कुरखेड़ा प्रमोद मडामे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगड़े, सहायक पुलिस निरीक्षक भगतसिंग दुल्हत सहित पुलिसकर्मियों तथा कोटगुल पुलिस थाना के पुलिस उपनिरीक्षक विवेक वायकर और पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.