हजारों गरीब परिवारों के आवास निर्माण कार्य ठप; राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के विभिन्न तहसीलों में हजारों गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के घरकुल निर्माण के लंबित भुगतान लंबे समय से अटके हुए हैं। भुगतान नहीं मिलने के कारण अनेक लाभार्थियों के घरों का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन की ओर से चामोर्शी पंचायत समिति के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पोळ साहब को ज्ञापन सौंपकर लंबित देयकों का तत्काल भुगतान करने की मांग की गई।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रणय भाऊ खुणे ने कहा कि घरकुल योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने अथवा विभिन्न चरणों का काम होने के बावजूद कई लाभार्थियों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनके आवास निर्माण अधूरे पड़े हैं।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि जिले के सभी संबंधित घरकुल लाभार्थियों के लंबित भुगतान की तत्काल जांच कर उन्हें शीघ्र जारी किया जाए, ताकि गरीब परिवारों के अधूरे घरों का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के जिलाध्यक्ष रमेश अधिकारी, उपाध्यक्ष नानु भाऊ उपाध्ये, वनकर गुरुजी सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। साथ ही मंजेगांव के पूर्व सरपंच रमेश लेकलवार, गंगाधर रामटेके, रवी गर्तुलवार, अंकित मोहुर्ले तथा पलसपुर के पलास घरामी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि गरीब घरकुल लाभार्थियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रलंबित देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर तत्काल किया जाए।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार
No Previous Comments found.