आश्रमशाला में अचानक पहुंचे कलेक्टर,छात्रों से जाना हाल; सुविधाओं में कमी पर अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश
गड़चिरोली : जिला कलेक्टर अविश्यांत पंडा ने बुधवार को अहेरी तहसील के खमंचेरू स्थित शासकीय आश्रमशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं, रसोईघर सहित पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह भी जांचा कि विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त संख्या में बिस्तर उपलब्ध हैं या नहीं, खिड़कियों पर मच्छर एवं अन्य कीटों से बचाव के लिए जालियां लगी हैं या नहीं तथा परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं।
छात्रों ने रखी अपनी समस्याएं
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने पीने के पानी के लिए वाटर कूलर, अतिरिक्त खाटों तथा बैठने के लिए पर्याप्त बेंच उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर पंडा ने विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर ने आश्रमशाला की सुंदर एवं व्यवस्थित इमारत की सराहना की। साथ ही छात्रावास एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए। विद्यार्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिला वार्षिक योजना के तहत प्रस्ताव भी तत्काल प्रस्तुत करने को कहा।
चपराला के प्रशांत धाम देवस्थान का भी निरीक्षण
खमंचेरू आश्रमशाला के निरीक्षण के बाद कलेक्टर अविश्यांत पंडा ने चामोर्शी तहसील के चपराला स्थित हनुमान मंदिर एवं प्रशांत धाम देवस्थान का दौरा किया। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, नियोजनबद्ध तरीके से और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.