आलदंडी गांव में मलेरिया मुक्त अभियान को लेकर नागरिकों ने ली शपथ

भामरागढ़ : गडचिरोली तालुका भामरागढ़ अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाहेरी क्षेत्र में मलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फोकल राउंड एवं फवारणी कार्य की पाहणी के दौरान आलदंडी गांव में नागरिकों को एकत्रित कर मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई मच्छरदानियों का नियमित उपयोग करने तथा घरों एवं आसपास के परिसर में फवारणी का कार्य पूर्ण रूप से करवाने का आह्वान किया। साथ ही मलेरिया के लक्षणों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि ठंड लगकर बुखार आना, सिरदर्द या शरीर में दर्द होना जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए गांव की आशा स्वयंसेविका के माध्यम से रक्त का नमूना जांच के लिए देना चाहिए।
स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि रक्त जांच में मलेरिया की पुष्टि होने पर तत्काल उचित उपचार लेना आवश्यक है, ताकि बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सके और गांव में मलेरिया के संक्रमण को फैलने से नियंत्रित किया जा सके।
इस अवसर पर ग्रामीण नागरिकों को मलेरिया मुक्त गांव बनाने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, फवारणी पूर्ण करवाने तथा बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल रक्त जांच कराने और मलेरिया का निदान होने पर समय पर उपचार लेने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला वीबीडी सलाहकार श्री राजेश कार्लेकर, कुष्ठरोग पर्यवेक्षक श्री प्रकाश गवारे, टीसीआई फाउंडेशन के तालुका समन्वयक श्री संतोष झाड़े, समुदाय समन्वयक मनीषा आत्राम, लाहेरी की समूह प्रवर्तक श्रीमती महानंदाताई, आलदंडी की आशा स्वयंसेविका तथा स्वास्थ्य सेवक श्री वडे, नैताम एवं सीडाम उपस्थित रहे।
इसके अलावा फवारणी कर्मचारी श्री धोटे एवं उनकी टीम सहित तालुका स्तर के अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी अभियान में सहभागी रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने और मलेरिया मुक्त गांव का संकल्प मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.