गडचिरोली के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में शिक्षक निभाएं अहम भूमिका : डॉ. सचिन मडावी

गडचिरोली : गडचिरोली जैसे दुर्गम जिले के विद्यार्थियों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। विद्यार्थियों की क्षमताओं को सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए शिक्षक विद्यार्थियों के मार्गदर्शक बनकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करें, ऐसा प्रतिपादन समाज कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. सचिन मडावी ने किया।

शिक्षक दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले के समाज कल्याण विभाग की आवासीय विद्यालयों, अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग की आश्रमशालाओं तथा दिव्यांग विद्यालयों के शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सचिन मडावी ने की, जबकि डॉ. दिलीप बारसागडे प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित थे।

विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और कौशल विकसित करना जरूरी

डॉ. मडावी ने कहा कि गडचिरोली जैसे दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी देना आवश्यक है। उनके भीतर आत्मविश्वास, ज्ञान और आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए शिक्षक सक्रिय भूमिका निभाएं। विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए बदलते समय की चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों तक विद्यार्थियों को पहुंचाने के लिए शिक्षकों को मार्गदर्शक की भूमिका निभानी होगी।

शिक्षा के माध्यम से संविधानिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम में शिक्षक की समाज निर्माण में भूमिका, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा के माध्यम से संविधानिक मूल्यों को विद्यार्थियों में विकसित करने के महत्व पर मार्गदर्शन किया गया। इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों का स्मरण करते हुए शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताया गया।

फेटा बांधकर शिक्षकों का सम्मान

समारोह के दौरान शिक्षकों का फेटा बांधकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रत्येक शिक्षक को भारतीय संविधान की प्रति तथा महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवनकार्य पर आधारित पुस्तक भेंट की गई। शिक्षकों के शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों का गौरव किया गया।

कार्यक्रम में राहुल गोविंदलवार, नीलेश तोरे, सचिन मांढरे, अमित खोब्रागडे, विष्णु घुबे, गजानन कामडी, प्रियंका डांगेवार, धर्मेंद्र अंबिलकर, अमर निखाड़े, सोहेल शेख, रोहित वाकुडकर, विशाल झाड़े, आरती अंबे, रमेश पोट्टे सहित शिक्षक तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.