अहेरी नगरपंचायत की घनकचरा निविदा पर उठे गंभीर सवाल

गडचिरोली : अहेरी नगरपंचायत द्वारा घनकचरा संकलन एवं व्यवस्थापन के कार्य के लिए जारी की गई निविदा अब विवादों के घेरे में आ गई है। निविदा में कथित तौर पर ऐसी जाचक और अनावश्यक शर्तें रखे जाने का आरोप लगाया गया है, जिनके चलते पात्र एवं इच्छुक ठेकेदारों को समान अवसर से वंचित किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। इस संबंध में शिकायतकर्ता विनोद जिल्लेवार ने अहेरी नगरपंचायत प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए निविदा की शर्तों की निष्पक्ष जांच करने तथा आवश्यकता पड़ने पर पूरी निविदा प्रक्रिया रद्द कर नए सिरे से निविदा जारी करने की मांग की है। ‘जाचक शर्तों से सीमित हो रही प्रतिस्पर्धा’ का आरोप शिकायत में कहा गया है कि निविदा की कुछ शर्तें काम की वास्तविक आवश्यकता से सीधे तौर पर संबंधित नहीं दिखाई देतीं। ऐसी शर्तों के कारण निविदा प्रक्रिया में भाग लेने वाले पात्र ठेकेदारों की संख्या सीमित होने तथा प्रतिस्पर्धा प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सार्वजनिक धन से होने वाले कार्यों की निविदा प्रक्रिया में सभी पात्र ठेकेदारों को समान अवसर मिलना चाहिए। यदि किसी विशेष प्रकार की शर्त के कारण योग्य इच्छुक ठेकेदार प्रक्रिया से बाहर होते हैं, तो इससे निविदा की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।

जांच पूरी होने तक कार्यादेश रोकने की मांग

विनोद जिल्लेवार ने निविदा में शामिल सभी विवादित शर्तों की विस्तृत जांच करने की मांग की है। यदि जांच में शर्तें अनावश्यक अथवा नियमों के विपरीत पाई जाती हैं, तो पूरी निविदा प्रक्रिया निरस्त कर सभी पात्र ठेकेदारों को समान अवसर देते हुए नए सिरे से निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई है।

साथ ही, जांच पूरी होने तक वर्तमान निविदा के आधार पर किसी भी ठेकेदार को कार्यादेश जारी नहीं किया जाए, ऐसी मांग भी शिकायत में की गई है।

जिलाधिकारी और एसडीओ तक पहुंची शिकायत

मामले को लेकर शिकायत की प्रतियां जिलाधिकारी, गडचिरोली तथा उपविभागीय अधिकारी, अहेरी को भी सौंपी गई हैं। शिकायतकर्ता ने निर्धारित समयावधि में उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में उपलब्ध कानूनी एवं प्रशासनिक माध्यमों का सहारा लेने की बात कही है।

इसके अलावा निविदा प्रक्रिया से संबंधित फाइल नोटिंग, मंजूरी, निविदा दस्तावेज तथा अन्य अभिलेखों की जानकारी सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त करने की बात भी शिकायत में कही गई है।

नगरपंचायत प्रशासन की भूमिका पर निगाह

घनकचरा संकलन और व्यवस्थापन सीधे तौर पर शहर की स्वच्छता तथा नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़ा कार्य है। ऐसे में करोड़ों अथवा लाखों रुपये के सार्वजनिक कार्यों से संबंधित निविदा प्रक्रिया पर किसी भी प्रकार का सवाल उठना प्रशासन के लिए गंभीर विषय माना जा रहा है।

अब सवाल यह है कि शिकायतकर्ता द्वारा उठाए गए आक्षेपों पर अहेरी नगरपंचायत प्रशासन निष्पक्ष जांच कराएगा या निविदा प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा? प्रशासन द्वारा इस मामले में क्या भूमिका अपनाई जाती है, इस पर नागरिकों और संबंधित ठेकेदारों की नजर बनी हुई है। शिकायतकर्ता विनोद जिल्लेवार ने मांग की है कि निविदा की सभी शर्तों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोष अथवा अनियमितता पाए जाने पर प्रक्रिया रद्द की जाए और सभी पात्र ठेकेदारों को समान अवसर देते हुए पारदर्शी तरीके से नई निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए ।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.