आरमोरी में 45.20 लाख का प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

गडचिरोली : महाराष्ट्र शासन द्वारा सुगंधित तंबाकू की बिक्री एवं परिवहन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इसकी अवैध ढुलाई करने वालों के खिलाफ गडचिरोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय अपराध शाखा और पुलिस थाना आरमोरी की संयुक्त टीम ने कुरखेड़ा-आरमोरी मार्ग पर एक आयशर छह चक्का ट्रक को रोककर करीब 45 लाख 20 हजार रुपये का प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू एवं वाहन जब्त किया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को स्थानीय अपराध शाखा, गडचिरोली को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरखेड़ा से आरमोरी मार्ग से एक छह चक्का वाहन में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का बड़ा स्टॉक अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त मार्ग पर जाल बिछाकर निगरानी शुरू की।

इसी दौरान एक आयशर छह चक्का ट्रक संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने सड़क पर अस्थायी अवरोध खड़ा कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में विभिन्न ब्रांडों का प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में बागबान च्यूइंग टोबैको के 520 बॉक्स, जिनकी कीमत करीब 14.04 लाख रुपये, डीजे प्रीमियम क्वालिटी सुगंधित तंबाकू के 1,320 पाउच, कीमत करीब 5.94 लाख रुपये, जेड ब्लैक प्रीमियम क्वालिटी सुगंधित तंबाकू के 1,600 पाउच, कीमत करीब 5.60 लाख रुपये, तथा क्रेज सुगंधित तंबाकू के 1,320 पाउच, कीमत करीब 4.65 लाख रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा सीजी-08-जेड-8792 नंबर का आयशर मालवाहक छह चक्का ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 45 लाख 20 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।

बरामद माल प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से संपर्क किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद ट्रक सहित पूरा माल पुलिस थाना आरमोरी लाया गया।

मौके पर मौजूद खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने वाहन चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम शाहु धर्मेशकुमार इंदेरमन (28), निवासी जोशीलमती, गेंदाटोला, जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ बताया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर बताया कि बरामद माल टेमन बेदराम साहू, निवासी जोशीलमती, जिला राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ का है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश तोरेम की शिकायत पर पुलिस थाना आरमोरी में आरोपी शाहु धर्मेशकुमार इंदेरमन तथा वांछित आरोपी टेमन बेदराम साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 413/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता-2023 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रताप लामतुरे, पुलिस थाना आरमोरी कर रहे हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गडचिरोली एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. तथा सहायक पुलिस अधीक्षक गडचिरोली अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन में की गई।

स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फगड़े तथा पुलिस थाना आरमोरी के प्रभारी अधिकारी सचिन झनक के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक विश्वंभर कराळे एवं पुलिस कर्मचारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

गणेशोत्सव की पृष्ठभूमि में पुलिस विभाग द्वारा प्रतिबंधित तंबाकू, अवैध शराब, जुआ तथा अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है। पुलिस प्रशासन ने जिले में अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों को प्रभावी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.