सूचना अधिकार कार्यकर्ता महासंघ ने मुलचेरा के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
मुलचेरा,गडचिरोली : महाराष्ट्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के 20 सितंबर 2008 के शासन निर्णय के अनुसार हर वर्ष 28 सितंबर को राज्यभर में ‘सूचना का अधिकार दिवस’ मनाया जाता है। इसी शासन निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए मुलचेरा तहसील के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में 28 सितंबर को सूचना का अधिकार दिवस विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाया जाए, ऐसी मांग सूचना अधिकार कार्यकर्ता महासंघ, महाराष्ट्र राज्य की ओर से की गई है।
इस मांग को लेकर महासंघ के पदाधिकारियों ने मुलचेरा तहसील के विभिन्न प्रमुख प्रशासनिक कार्यालयों में प्रत्यक्ष पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
इन कार्यालयों में सौंपा गया ज्ञापन
महासंघ की ओर से तहसील कार्यालय, पंचायत समिति, गटविकास अधिकारी कार्यालय, गटशिक्षण अधिकारी कार्यालय, पुलिस स्टेशन, वनपरिक्षेत्र कार्यालय, महावितरण उपकार्यकारी अभियंता कार्यालय, एकात्मिक बाल विकास परियोजना कार्यालय, तालुका कृषि कार्यालय तथा तालुका स्वास्थ्य कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों में ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग
ज्ञापन में मांग की गई कि 28 सितंबर को सभी शासकीय कार्यालयों में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के संबंध में नागरिकों में व्यापक जनजागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इसके अंतर्गत नागरिकों के लिए मार्गदर्शन व्याख्यान एवं कार्यशालाएं, स्कूल एवं महाविद्यालयों में निबंध तथा वक्तृत्व प्रतियोगिताएं, साथ ही प्रत्येक कार्यालय में जन सूचना अधिकारी का नाम एवं पद दर्शाने वाला सूचना फलक स्पष्ट रूप से लगाने जैसे उपक्रम चलाए जाएं। इससे नागरिकों को सूचना के अधिकार के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्रशासन में पारदर्शिता को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
महासंघ के पदाधिकारी रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपते समय सूचना अधिकार कार्यकर्ता महासंघ के मुलचेरा तालुका प्रचार प्रमुख मारोती कोलावार, सक्रिय संघटक निखिल मंडल तथा सहायक संघटक शैलेश खोब्रागडे उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर ज्ञापन की तत्काल दखल लेकर 28 सितंबर को मुलचेरा तहसील के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में सूचना का अधिकार दिवस प्रभावी रूप से मनाया जाए, ऐसी अपेक्षा महासंघ के पदाधिकारियों ने व्यक्त की है।
रिपोर्टर : मारोती कोलावार
No Previous Comments found.