आलापल्ली में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शिवसेना का ज्ञापन

गडचिरोली : गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत आलापल्ली ग्राम पंचायत क्षेत्र में कथित रूप से चल रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी सहित पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा इसे स्थायी रूप से बंद कराने की मांग की गई है।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के जिलाप्रमुख दिलीप सुरपाम के हस्ताक्षर वाला यह ज्ञापन 28 सितंबर 2026 को सौंपा गया। ज्ञापन में दावा किया गया है कि आलापल्ली गांव में पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। इससे गांव के सामाजिक वातावरण, शांति और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है।

स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पर चिंता

ज्ञापन में कहा गया है कि शराब की लत के कारण नागरिकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसके साथ ही आर्थिक नुकसान, पारिवारिक विवाद, घरेलू झगड़े, मारपीट और सामाजिक असुरक्षा जैसी समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई गई है।

विशेष रूप से अवैध एवं घटिया स्तर की शराब से नागरिकों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। शराब के सेवन के कारण विवाद और झगड़े बढ़ने से गांव में शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।

नाबालिगों और विद्यार्थियों को लेकर भी चिंता

शिवसेना ने अवैध शराब बिक्री के कारण नाबालिग बच्चों और विद्यार्थियों के नशे की गिरफ्त में आने की आशंका व्यक्त की है। कम उम्र में नशे की आदत लगने से शिक्षा, स्वास्थ्य, पारिवारिक स्थिति और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, ऐसी चिंता ज्ञापन में दर्ज की गई है।

5 अक्टूबर तक ठोस कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि 28 सितंबर को ज्ञापन प्राप्त होने के बाद सात दिनों के भीतर, यानी 5 अक्टूबर 2026 तक, अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।

अवैध शराब बेचने वालों की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने, शराब के स्रोत और बिक्री के स्थानों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियां दोबारा शुरू न हों, इसके लिए आवश्यक प्रतिबंधात्मक उपाय करने की मांग भी की गई है।

कार्रवाई नहीं हुई तो उपोषण का इशारा

शिवसेना ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 5 अक्टूबर तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर जिलाप्रमुख दिलीप सुरपाम के नेतृत्व में उपोषण अथवा श्रृंखलाबद्ध उपोषण आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन आलापल्ली के नागरिकों के हित में तथा अवैध शराब बिक्री के विरोध में किया जाएगा, ऐसा ज्ञापन में कहा गया है।

ज्ञापन की प्रतियां अहेरी के उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO), अहेरी पुलिस निरीक्षक, आलापल्ली पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी तथा संबंधित राजस्व और आबकारी विभाग को भी सौंपे जाने की जानकारी दी गई है।

अब इस शिकायत पर पुलिस एवं संबंधित प्रशासन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर आलापल्ली के नागरिकों की नजर बनी हुई है।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.