सिरोंचा पुलिस का अवैध शराब तस्करों पर ‘दनका’; कार समेत 8.72 लाख का माल जब्त,दो आरोपी गिरफ्तार

गडचिरोली : सिरोंचा पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार समेत कुल 8 लाख 72 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज, अपर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन बी. जे. तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. समाधान पाटील के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब दुधाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब दुधाळ को 3 अक्टूबर को अवैध शराब परिवहन के संबंध में गोपनीय जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कारसपल्ली के पास सड़क किनारे जाल बिछाया। इसी दौरान एमएच-33 एडी-2130 नंबर की सफेद रंग की डिजायर कार आती दिखाई दी।

पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस को चकमा देकर आगे निकलने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। कारसपल्ली के पास चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने भी भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम जय कृष्णा वेंकटेश गुंडोजू (29), निवासी चेन्नूर, मंडल एवं जिला मंचेरियल, तेलंगाना बताया। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी गणेश सत्यनारायण नुकुम (25), निवासी कारसपल्ली, तहसील सिरोंचा, जिला गडचिरोली को भी गिरफ्तार किया गया।

कार की डिक्की से 156 बीयर की बोतलें बरामद

पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की से किंगफिशर कंपनी की 650 एमएल क्षमता वाली 156 बीयर की बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कीमत लगभग 46,800 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा कारसपल्ली स्थित एक घर के सामने से किंगफिशर कंपनी की 650 एमएल क्षमता वाली 84 बीयर की बोतलें, जिसकी कीमत करीब 25,200 रुपये है, बरामद की गईं।

शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एमएच-33 एडी-2130 नंबर की डिजायर कार, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये है, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

इस प्रकार शराब और वाहन सहित कुल 8 लाख 72 हजार रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने जब्त किया।

महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65 (ए), 65 (ई) एवं 83 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अजय कुमार बनकर कर रहे हैं।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब दुधाळ, पुलिस उपनिरीक्षक अजय कुमार बनकर, सहायक फौजदार पिल्लेवार, पुलिस कर्मचारी संजय चाबुकस्वार, देवकाते तथा महिला पुलिस कर्मचारी मीना कोरेटिं शामिल रहे।

अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

सिरोंचा पुलिस की ओर से अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपने क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब दुधाळ ने की है।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.