अहेरी में 7.84 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त
अहेरी : अहेरी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 7 लाख 84 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। कार्रवाई में देशी और विदेशी शराब के साथ एक महिंद्रा XUV 500 वाहन बरामद किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन चालक एवं मालिक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर 11.50 से 1.10 बजे के बीच चंद्रपुर–आलापल्ली मार्ग पर लभानतांडा से करीब 12 किलोमीटर उत्तर दिशा में पुलिस ने महिंद्रा XUV 500 क्रमांक MH-04-GJ-4806 की जांच की। वाहन के मध्य सीट तथा पिछली डिक्की की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
34 बॉक्स देशी शराब जब्त
कार्रवाई में 90 एमएल क्षमता वाली रॉकेट देशी शराब (संत्रा कंपनी) के 34 बॉक्स मिले। प्रत्येक बॉक्स में 100 नग के हिसाब से कुल 3,400 निपा बरामद हुए। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है। शराब का बैच नंबर B.NO. 091 JUN 2026 है।
इसके अलावा 180 एमएल क्षमता वाली रॉयल स्टैग कंपनी की 48 कांच की बोतलों का एक बॉक्स भी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है।
5 लाख रुपये का वाहन भी जब्त
शराब की अवैध ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही पुरानी सिल्वर रंग की महिंद्रा XUV 500 की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार शराब और वाहन सहित कुल 7 लाख 84 हजार रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने जब्त किया।
जांच के दौरान वाहन से वाहन बिक्री रसीद एवं वाहन डिलीवरी नोट से संबंधित एक दस्तावेज भी बरामद हुआ। इसमें वाहन खरीदने वाले के रूप में गौरव प्रभाकर माकोडे, निवासी शास्त्री वार्ड, हिंगणघाट, जिला वर्धा का नाम दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
वाहन छोड़कर आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी गौरव प्रभाकर माकोडे (लगभग 30 वर्ष) वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में अहेरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 350/2026, महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अपराध 7 अक्टूबर 2026 को शाम 7.25 बजे दर्ज किया गया।
कार्रवाई के बाद मामले की जांच पुलिस हवलदार महेश सडमेक कर रहे हैं। अहेरी पुलिस निरीक्षक हर्षल ऐकरे के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.