चिचेला स्कूल में साकार हुआ शिवकालीन वैभव; 'अमृतदुर्ग महोत्सव' में विद्यार्थियों ने बनाए ऐतिहासिक किले

गडचिरोली : स्थानीय जिला परिषद प्राथमिक स्कूल चिचेला में आनंददायी शनिवार के अंतर्गत आयोजित 'अमृतदुर्ग महोत्सव' कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गढ़-किलों का निर्माण एवं भव्य प्रदर्शन कर शिवकालीन इतिहास की यादें ताजा कर दीं। पुस्तकीय शिक्षा से आगे बढ़कर विद्यार्थियों को इतिहास का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के उद्देश्य से आयोजित इस अभिनव गतिविधि को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला।

विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाई छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने बाजार से कोई तैयार सामग्री नहीं खरीदी, बल्कि मिट्टी, पत्थर, ईंटों एवं प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर अपने हाथों से छत्रपति शिवाजी महाराज की आकर्षक प्रतिमा, मावलों की आकृतियां तथा शिवकालीन ग्रामीण संस्कृति को दर्शाने वाले घरों के नमूने तैयार किए।

किलों की तटबंदी, भव्य बुर्ज, बालेकिल्ला, मुख्य प्रवेश द्वार और जल प्रबंधन व्यवस्था को भी बेहद सुंदर एवं बारीकी से दर्शाया गया। विद्यार्थियों की इस कलात्मक प्रस्तुति से स्कूल परिसर में शिवकालीन इतिहास का सजीव दृश्य देखने को मिला।

सहयोग और सामूहिक भावना का दिखा अनूठा संगम

किले निर्माण की पूरी प्रक्रिया में विद्यार्थियों के बीच आपसी सहयोग और सामूहिक भावना देखने को मिली। किसी ने मिट्टी तैयार की, तो किसी ने पत्थर और ईंटों से संरचना बनाई, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने किलों को आकर्षक रूप देने में योगदान दिया। इसी सामूहिक प्रयास से तोरणा और राजगढ़ जैसे ऐतिहासिक किलों की प्रतिकृतियां तैयार की गईं।

किले निर्माण के बाद विद्यार्थियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज को नमन किया। साथ ही प्रत्येक किले का भौगोलिक महत्व, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और युद्धनीति के बारे में उपस्थित लोगों को आत्मविश्वास के साथ जानकारी दी।

शिक्षकों एवं ग्रामस्थों ने की विद्यार्थियों की सराहना

विद्यार्थियों की इस रचनात्मक प्रतिभा और ऐतिहासिक ज्ञान की स्कूल के शिक्षकों, शाला व्यवस्थापन समिति के पदाधिकारियों तथा उपस्थित ग्रामस्थों ने सराहना की।

इस उपक्रम से विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही श्रम का सम्मान, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामूहिक कार्य करने की भावना विकसित होने में मदद मिली। इस अभिनव पहल की पूरे परिसर में प्रशंसा की जा रही है।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.