हुतात्मा कोठारी बंधुओं की स्मृति में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल अहेरी जिला का भव्य रक्तदान शिविर संपन्न

गडचिरोली : विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल अहेरी प्रखंड की ओर से वर्ष 1990 के रामजन्मभूमि आंदोलन में कारसेवा के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा विशेष रूप से हुतात्मा कोठारी बंधुओं के बलिदान सप्ताह के अवसर पर 4 नवंबर 2026 को उपजिला अस्पताल, अहेरी में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 11 बैग रक्त का संकलन किया।

शिविर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बजरंग दल के जिला सहसंयोजक, गोरक्षा प्रमुख सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के विभिन्न पदाधिकारी, समर्पित कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि, “1990 के रामजन्मभूमि आंदोलन में कारसेवकों तथा कोठारी बंधुओं का सर्वोच्च बलिदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनके पवित्र स्मरण के साथ समाज के प्रति अपना दायित्व निभाने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने के उद्देश्य से इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।”

उपजिला अस्पताल, अहेरी की चिकित्सा टीम ने रक्त संकलन का कार्य अत्यंत व्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराया। शिविर के माध्यम से रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने का संदेश दिया गया।

रक्तदान ही श्रेष्ठ सेवा, एक रक्तदान बचा सकता है किसी का जीवन

रक्तदान को महादान कहा जाता है, क्योंकि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में भी मानव रक्त का कोई पूर्ण कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।

हम धन, अन्न और वस्त्र का दान कर जरूरतमंदों की सहायता कर सकते हैं, लेकिन रक्तदान सीधे किसी गंभीर मरीज के जीवन की रक्षा करने में सहायक होता है।

रक्त का न कोई धर्म होता है, न जाति, न रंग और न ही भाषा। एक व्यक्ति का रक्त किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के प्राण बचा सकता है। यही रक्तदान के माध्यम से मानवता, सामाजिक एकता और सेवा भावना का सच्चा संदेश है।

इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देना चाहिए।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.