रेपणपल्ली पुलिस स्टेशन परिसर में 35 लाख रुपये का अवैध शराब का मुद्देमाल नष्ट
गड़चिरोली : जिला दारूबंदी क्षेत्र होने के बावजूद अवैध रूप से शराब की बिक्री और परिवहन के मामलों में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अहेरी तहसील अंतर्गत उप पुलिस स्टेशन रेपणपल्ली के परिसर में महाराष्ट्र दारूबंदी कानून के तहत दर्ज विभिन्न मामलों में जब्त किए गए लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के अवैध शराब के मुद्देमाल को विधिवत नष्ट किया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उप पुलिस स्टेशन रेपणपल्ली में वर्ष 2024–25 के 22 मामलों तथा उप पुलिस स्टेशन जिमलगट्टा में वर्ष 2025–26 के 29 मामलों में जब्त किए गए मुद्देमाल पर की गई। इस प्रकार कुल 51 प्रकरणों में जब्त देशी शराब, विदेशी शराब तथा बीयर को नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), अहेरी कार्तिक मधिरा तथा अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी. के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस दौरान उपविभागीय पुलिस अधिकारी, जिमलगट्टा राहुल मडावी की उपस्थिति रही।
कार्यवाही का नेतृत्व सहायक पुलिस निरीक्षक भास्कर कांबले (प्रभारी अधिकारी), उप पुलिस स्टेशन रेपणपल्ली तथा पुलिस उपनिरीक्षक आनंद गिरी, उप पुलिस स्टेशन जिमलगट्टा ने किया। यह कार्रवाई प्रथम वर्ग न्याय दंडाधिकारी न्यायालय, अहेरी तथा राज्य उत्पादन शुल्क अधीक्षक, गड़चिरोली की अनुमति से की गई।
दिनांक 5 मई 2026 को आयोजित इस कार्रवाई के दौरान शासकीय पंच तथा राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के भरारी पथक के निरीक्षक शुभम चौधरी और द्वितीय निरीक्षक चंदन भगत उपस्थित रहे।
जब्त शराब को पहले जमीन पर रखकर उस पर रोलर चलाया गया, जिससे उसे पूरी तरह चूर-चूर कर दिया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से गहरा गड्ढा खोदकर उस चूरे को उसमें दबा दिया गया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान पर्यावरण को किसी प्रकार की हानि न हो, इसकी पूर्ण सावधानी बरती गई।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में भी अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार


No Previous Comments found.