बढ़ते तापमान की पृष्ठभूमि में नागरिक सतर्क रहें जिले में हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव की संभावना; प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील की

गडचिरोली : मौसम विभाग के प्रादेशिक केंद्र नागपुर द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार गडचिरोली जिले के कुछ क्षेत्रों में 26 से 27 मई 2026 के दौरान हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर रात के समय भी अत्यधिक गर्मी रहने की आशंका व्यक्त की गई है। इस पृष्ठभूमि में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने बताया कि गर्मी के मौसम में तापमान सामान्य से अधिक बढ़ने पर मानव शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लंबे समय तक तेज गर्मी के संपर्क में रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। समय पर उपचार न मिलने पर जान का भी खतरा हो सकता है। इसलिए नागरिकों से हीट स्ट्रोक के लक्षणों को पहचानकर समय रहते सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। घर से बाहर निकलते समय सिर को छतरी, टोपी या गीले कपड़े से ढंककर रखें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। हल्के, ढीले और सूती कपड़ों का उपयोग करें तथा यात्रा के दौरान पीने का पानी साथ रखें।
धूप में काम करने वाले मजदूरों और नागरिकों को बीच-बीच में आराम करने की सलाह दी गई है। शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए ORS, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और कच्चे आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की गई है। कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द या अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।
गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों तथा बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पालतू पशुओं और मवेशियों को छांव में रखें तथा उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर और सनशेड का उपयोग करें तथा रात के समय खिड़कियां खुली रखें।
प्रशासन ने नागरिकों से शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड ठंडे पेयों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। भारी और गहरे रंग के कपड़े पहनने से बचें तथा अत्यधिक मेहनत वाले कार्य न करें। छोटे बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ने की भी चेतावनी दी गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गडचिरोली ने नागरिकों से मौसम विभाग की सूचनाओं पर ध्यान देने तथा आवश्यक सावधानियां अपनाकर खुद और अपने परिवार को लू एवं भीषण गर्मी से सुरक्षित रखने की अपील की है।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.