दामरंचा में भव्य जनजागरूकता मेला एवं सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम संपन्न

गडचिरोली - जिला पुलिस दल की ओर से पुलिस दादालोरा खिड़की के माध्यम से उप पुलिस स्टेशन दामरंचा में भव्य जनजागरूकता मेला एवं सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मा. श्री निलोत्पल साहब, पुलिस अधीक्षक गडचिरोली, मा. श्री एम. रमेश साहब, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), मा. श्री गोकुल साहब, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन), गडचिरोली तथा मा. श्री कार्तिक मधीरा साहब, अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी (प्राणहिता) की संकल्पना से एवं मा. श्री राहुल मडावी साहब, उपविभागीय पुलिस अधिकारी जिमलगट्टा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मा. श्री सत्यनारायण मीणा, द्वितीय कमांड अधिकारी, सीआरपीएफ G-09 बटालियन अहेरी ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन मा. श्री योगेश राठोड (AC), सीआरपीएफ 09 बटालियन दामरंचा के हाथों किया गया। विशेष रूप से उपस्थित मान्यवरों में मा. श्री पृथ्वीराज बाराते (प्रभारी अधिकारी, उप पुलिस स्टेशन दामरंचा), श्री राकेश शर्मा (सीआरपीएफ), श्री अविनाश सोनी (सीआरपीएफ), प्रमुख अतिथि श्री महेश कावळे (CSC कंस्ट्रक्शन, नागपुर), श्री संजय सेडमेक (उपसरपंच, ग्राम पंचायत मांड्रा), श्री विज्जा गावडे (गावपटेल, आसा) सहित क्षेत्र के शिक्षकवृंद एवं ग्रामवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा, वीर बाबूराव शेडमाके एवं रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पहार अर्पण कर की गई। जनजागरूकता मेले का संचालन पोउपनि अनिकेत संकपाळ ने किया। इस दौरान पोउपनि निखिल भोवते, श्रेणी पोउपनि शंकर बावनथडे तथा पोउपनि नाकाडे (SRPF) ने पुलिस दादालोरा खिड़की के अंतर्गत चल रही विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देकर नागरिकों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। पिछले एक माह से चल रहे सिलाई कला प्रशिक्षण के अंतर्गत क्षेत्र की 20 बेरोजगार महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें 20 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। इसके साथ ही महिलाओं एवं नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 80 से 90 महिलाओं एवं आदिवासी नागरिकों की बीपी व शुगर जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।

मेले में निम्नलिखित उपयोगी सामग्री वितरित की गई—
साड़ियाँ (40), टी-शर्ट (20), दुपट्टे (25), बड़े गंज (03), छोटी कड़ाही (25), सिलाई मशीन (20), कुर्सियाँ (30), कैरम बोर्ड (02), वॉलीबॉल (02) सहित अन्य घरेलू सामग्री। इसके अलावा कोळसेपल्ली, पालेकसा, आसा, नैनेर व रुमलकसा क्षेत्र की जिला परिषद शालाओं के विद्यार्थियों को स्कूल बैग (40), नोटबुक (50), कंपास (30) और कलर बॉक्स (30) वितरित किए गए। पुलिस दादालोरा खिड़की के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का भी लाभ दिया गया, जिसमें कैश विड्रॉल (16), ज़ेरॉक्स (45), आय प्रमाण पत्र (03), सातबारा प्रमाणपत्र (20), आयुष्मान कार्ड (20), आभा कार्ड (32) एवं पैन कार्ड (10) शामिल हैं।

समारोह के समापन अवसर पर प्रभारी अधिकारी श्री पृथ्वीराज बाराते ने उपस्थित सभी मान्यवरों, महिलाओं, नागरिकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकवृंद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, अवैध धंधों, नशामुक्ति, अवैध यात्री परिवहन, साइबर अपराधों से सावधान रहने, नक्सलियों की भ्रामक बातों से दूर रहने तथा अंधश्रद्धाओं का विरोध करने का संदेश दिया और नागरिकों से किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इस भव्य जनजागरूकता मेले में उप पुलिस स्टेशन दामरंचा क्षेत्र से 170 से 200 महिलाओं,विद्यार्थियों एवं आदिवासी नागरिकों ने सहभाग लिया। सभी के लिए नाश्ता व चाय-पानी की व्यवस्था की गई थी। यह कार्यक्रम जिला पुलिस, एसआरपीएफ, सीआरपीएफ तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


रिपोर्टर - संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.