महाराष्ट्र सरकार के द्वारा प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की नियुक्ति

गड़चिरोली : महाराष्ट्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए गड़चिरोली जिले के पालक सचिव (Guardian Secretary) पद पर राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में शासन द्वारा सोमवार, 23 फरवरी 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया। सरकारी आदेश के अनुसार,अब मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल गड़चिरोली जिले के समग्र प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करेंगे तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देंगे। नक्सल प्रभावित एवं अतिदुर्गम माने जाने वाले इस जिले में राज्य सरकार की योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पूर्व गड़चिरोली जिले के पालक सचिव के रूप में सार्वजनिक बांधकाम विभाग के अपर मुख्य सचिव मिलिंद म्हैसकर कार्यरत थे। प्रशासनिक कारणों से किए गए इस बदलाव के तहत अब उनकी जगह मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पालक सचिव के रूप में राजेश अग्रवाल जिले के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था,आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विशेष रूप से सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा,आदिवासी कल्याण और बुनियादी ढांचे से जुड़े लंबित प्रकल्पों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि नए पालक सचिव के मार्गदर्शन में गड़चिरोली जिले के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.